इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


भारतीय अर्थव्यवस्था

वर्ष 2017 में भारत में अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन आगमन रिकॉर्ड उच्च स्तर पर

  • 03 Sep 2018
  • 4 min read

चर्चा में क्यों?

हाल ही में जारी किये गए संयुक्त राष्ट्र पर्यटन संगठन (UNWTO) के आँकड़ों के अनुसार, दुनिया भर के गंतव्यों पर कुल 1,323 मिलियन अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों का आगमन दर्ज किया गया है।

रिपोर्ट के प्रमुख बिंदु

  • इन आँकड़ों के मुताबिक दक्षिण एशियाई क्षेत्र में भारत की अगुआई के साथ अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक आगमन वर्ष  2017 में रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुँच गया।
  • उल्लेखनीय है कि इन आँकड़ों में वर्ष 2016 की तुलना में 84 मिलियन की वृद्धि हुई है और यह एक नया रिकॉर्ड कायम करता है।
  • दक्षिण एशियाई क्षेत्र में निरंतर आठ वर्षों तक पर्यटन आगमन में वृद्धि दर्ज की गई,जबकि यूरोप और अफ्रीका में क्रमशः आठ प्रतिशत और नौ प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
  • इस रिपोर्ट के अनुसार, संपूर्ण दक्षिण एशिया में सकारात्मक परिणाम की मुख्य वज़ह भारत का इस क्षेत्र में मज़बूत प्रदर्शन रहा है।
  • भारत उपक्षेत्रीय पर्यटन का सबसे बड़ा गंतव्य स्थान रहा है और पश्चिमी स्रोत बाज़ारों तथा सरल वीज़ा प्रक्रियाओं के कारण बढ़ती मांग से लाभान्वित हुआ है।
  • भारत में अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों का आगमन वर्ष 2016 के 14.57 मिलियन से बढ़कर वर्ष 2017 में 15.54 मिलियन हो गया है तथा अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन प्राप्तियाँ वर्ष 2016 के 22.42 अरब डॉलर से बढ़कर वर्ष 2017 में 27.36 अरब डॉलर हो गई हैं।
  • दुनिया भर के 10 शीर्ष पर्यटन स्थलों में से सात प्रमुख गंतव्य स्थानों में चीन, फाँस, जर्मनी, इटली, स्पेन, यूनाइटेड किंगडम और संयुक्त राज्य अमेरिका हैं।
  • उपर्युक्त सभी अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन आगमन और अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन प्राप्तियों दोनों ही दृष्टि से शीर्ष स्थानों पर विद्यमान हैं।

संयुक्त राष्ट्र पर्यटन संगठन (UNWTO)

  • UNWTO संयुक्त राष्ट्र की एक एजेंसी है, जो सतत् और सार्वभौमिक रूप से सुलभ पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिये ज़िम्मेदार है।
  • UNWTO में 158 देश, 6 एसोसिएट सदस्य और 500 से अधिक संबद्ध सदस्य शामिल हैं जो निजी क्षेत्र, शैक्षिक संस्थानों, पर्यटन संगठनों और स्थानीय पर्यटन प्राधिकरणों का प्रतिनिधित्त्व करते हैं।
  • पर्यटन के क्षेत्र में प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय संगठन के रूप में UNWTO न केवल आर्थिक विकास, समसामयिक विकास और पर्यावरणीय स्थिरता के चालक के रूप में पर्यटन को बढ़ावा देता है, बल्कि साथ ही दुनिया भर में ज्ञान और पर्यटन नीतियों को आगे बढ़ाने हेतु इस क्षेत्र को नेतृत्व और समर्थन भी प्रदान करता है।
  • UNWTO पर्यटन की वैश्विक आचार संहिता (Global Code of Ethics for Tourism) के कार्यान्वयन को प्रोत्साहित करता है।
  • इसके अतिरिक्त यह गरीबी को कम करने के लिये तैयार किये गए सतत् विकास लक्ष्यों (Sustainable Development Goals - SDGs) को प्राप्त करने में एक साधन के रूप में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिये प्रतिबद्ध है।
  • वस्तुतः इसका उद्देश्य दुनिया भर में सतत् विकास को बढ़ावा देना भी है।
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2